BlogFeaturedTrendingलेख

मौन: अंदर की आवाज़ को सुनने की चाबी

आज का युग अत्यधिक जुड़ाव और निरंतर संवाद का युग है। सुबह आँख खुलने से लेकर रात को सोने तक मनुष्य शब्दों, सूचनाओं, मोबाइल नोटिफिकेशनों और विचारों की निरंतर बौछार के बीच जी रहा है। ऐसे समय में सबसे बड़ी विडंबना यह है कि मनुष्य ने बोलना तो सीख लिया, परंतु शांत रहना भूल गया। जबकि सत्य यह है कि संसार की सबसे गहरी शक्ति शब्दों में नहीं, बल्कि मौन में छिपी होती है।

मौन केवल चुप रहने का नाम नहीं है। यह एक ऐसी आंतरिक अवस्था है, जिसमें शांति, ऊर्जा, आत्मचिंतन और आत्मबोध का अनुभव होता है। दो शब्दों के बीच की खाली जगह जिस प्रकार शब्दों को अर्थ देती है, उसी प्रकार जीवन की भागदौड़ के बीच का मौन जीवन को गहराई और सार्थकता प्रदान करता है।

भारतीय अध्यात्म में मौन का महत्व

भारतीय संस्कृति और अध्यात्म में मौन को अत्यंत पवित्र माना गया है। यहां मौन को केवल वाणी रोक देने तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि इसे आत्ममनन और साधना का माध्यम माना गया है। जो मनन करता है वह ‘मुनि’ कहलाता है और जो मौन को साध लेता है, वह भीतर से शक्तिशाली बन जाता है।

श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण ‘वाङ्मय तप’ की चर्चा करते हैं। सत्य, प्रिय और हितकारी वचन बोलना भी तप माना गया है, किंतु मौन उससे भी श्रेष्ठ अवस्था है। भगवान शिव के ‘दक्षिणामूर्ति’ स्वरूप में वे बिना बोले अपने शिष्यों के प्रश्नों का समाधान करते हैं। यह इस बात का प्रतीक है कि गहरे सत्य शब्दों से नहीं, बल्कि मौन से प्रकट होते हैं।

योगशास्त्र में मौन को ‘प्रत्याहार’ की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण अंग माना गया है। जब व्यक्ति बाहरी संसार से संवाद कम करता है, तब भीतर का संवाद आरंभ होता है। बौद्ध परंपरा, ध्यान और विपश्यना साधना में भी मौन को मन की शुद्धि का माध्यम माना गया है। मौन मन की बिखरी हुई ऊर्जा को बचाकर उसे स्मृति, एकाग्रता और आत्मबोध की दिशा में केंद्रित करता है।

विज्ञान भी मानता है मौन की शक्ति

आधुनिक विज्ञान ने भी अब मौन के महत्व को स्वीकार किया है। वैज्ञानिक शोध बताते हैं कि मौन केवल ध्वनि की अनुपस्थिति नहीं, बल्कि मस्तिष्क के लिए एक प्रकार का ‘रीसेट बटन’ है। वर्ष 2013 में न्यूरोप्लास्टिसिटी पर हुए एक अध्ययन में पाया गया कि प्रतिदिन कुछ समय मौन में रहने से मस्तिष्क के हिप्पोकैम्पस क्षेत्र में नई कोशिकाओं का विकास होता है। यही भाग स्मरण शक्ति और सीखने की क्षमता से जुड़ा होता है।

लगातार शोर और सूचनाओं का दबाव तनाव, बेचौनी और उच्च रक्तचाप को बढ़ाता है, जबकि कुछ मिनटों का मौन भी शरीर में तनाव हार्माेन ‘कोर्टिसोल’ के स्तर को कम कर मन को शांत करता है। वैज्ञानिकों के अनुसार, जब मनुष्य कुछ समय बिना बोले और बिना किसी बाहरी व्यवधान के शांत रहता है, तब मस्तिष्क का ‘डिफाल्ट मोड नेटवर्क’ सक्रिय होता है, जो रचनात्मकता और आत्मविश्लेषण के लिए जिम्मेदार माना जाता है।

मौन और मानसिक स्वास्थ्य

मनोविज्ञान के अनुसार मौन केवल बाहरी शोर से दूर जाना नहीं, बल्कि भीतर के शोर को भी शांत करना है। मन लगातार विचारों, चिंताओं और कल्पनाओं में उलझा रहता है। ऐसे में मौन मन को विश्राम देता है और व्यक्ति को स्वयं के करीब ले जाता है।

ध्यान में भी मौन सबसे महत्वपूर्ण साधन माना गया है। जब व्यक्ति मौन में बैठता है, तब वह अपनी सांसों, विचारों और भावनाओं को अधिक स्पष्ट रूप से महसूस कर पाता है। यही प्रक्रिया आत्मज्ञान और मानसिक संतुलन की ओर ले जाती है।

आज सोशल मीडिया और डिजिटल सूचनाओं के इस दौर में मनुष्य दुनिया से तो जुड़ गया है, लेकिन स्वयं से दूर होता जा रहा है। ऐसे समय में मौन मनुष्य को अपने भीतर लौटने का अवसर देता है। यही कारण है कि मनोवैज्ञानिक मौन को ‘नेचुरल थेरेपी’ भी मानते हैं।

जीवन में मौन को कैसे अपनाएं

मौन को जीवन का हिस्सा बनाना कठिन नहीं है। प्रतिदिन कुछ समय बिना मोबाइल, बिना बातचीत और बिना किसी व्यवधान के स्वयं के साथ बिताना एक अच्छी शुरुआत हो सकती है।

प्रतिदिन 10 से 15 मिनट मौन में बैठें। प्रकृति के बीच समय बिताएं। ध्यान और श्वास अभ्यास करें। अनावश्यक बोलने से बचें। दिन में कुछ समय डिजिटल उपकरणों से दूरी बनाएं।

ये छोटी-छोटी आदतें व्यक्ति के भीतर गहरा परिवर्तन ला सकती हैं। मौन कोई खालीपन नहीं है। यह वह अवस्था है, जिसमें शांति, जीवन और असीम शक्ति निवास करती है। धर्म हमें मौन की ओर ले जाता है और विज्ञान इसके मानसिक एवं शारीरिक लाभों को प्रमाणित करता है।

जीवन के कोलाहल के बीच मौन ही वह स्थिर केंद्र है, जो हमें भीतर से संतुलित रखता है। मौन का अर्थ केवल शांत रहना नहीं, बल्कि स्वयं को समझना और जीवन की वास्तविक सार्थकता को पहचानना है। शायद यही वह मार्ग है, जो मनुष्य को बाहरी शोर से मुक्त कर उसकी आंतरिक सत्यता से जोड़ता है।

वीरेंद्र बहादुर सिंह

नोएडा (उ.प्र.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *